मेधावी छात्रों का सम्मान, वार्षिक परिणाम समारोह संपन्न
बस्ती। जिले के विकास खंड कप्तानगंज के एसडीजी इंटर कॉलेज भुवनपुर में मंगलवार को वार्षिक परिणाम समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों की भी उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉक्टर राम अवतार वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों को निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन चौधरी ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं प्रबंधक श्री विजय चौधरी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, जिससे वे समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को मेडल, प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


