इंसानियत की मिसाल बने डॉ. प्रेम त्रिपाठी, राम जानकी मार्ग के प्रहरी ने घायल को तत्काल...
बस्ती। मानवता आज भी जिंदा है — इसका जीता-जागता उदाहरण एक बार फिर डॉक्टर प्रेम त्रिपाठी ने पेश किया है। “राम जानकी मार्ग के प्रहरी” कहे जाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने मंगलवार को सड़क पर घायल हुए एक व्यक्ति की मदद कर इंसानियत की मिसाल कायम की।
जानकारी के मुताबिक, बस्ती जिले के कुसौरा बाजार स्थित झिनकू लाल इंटर कॉलेज कलवारी के सामने एक बाइक सवार व्यक्ति डिवाइडर से अचानक टकरा गया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उसी समय वहां से गुजर रहे डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने बिना देर किए घायल व्यक्ति की सहायता की। उन्होंने न केवल घायल को उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया बल्कि बाइक और सामान को भी सड़क किनारे सुरक्षित रखवाया। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया और घायल को उसके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की।
यह पहली बार नहीं है जब डॉ. प्रेम ने इस तरह मानवता का परिचय दिया हो। वे लगातार सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं। स्थानीय लोग उन्हें “राम जानकी मार्ग का प्रहरी” कहते हैं और उनके सेवा कार्यों की सराहना करते हैं।
डॉ. प्रेम त्रिपाठी का यह कदम समाज में एक सकारात्मक संदेश देता है कि यदि हर व्यक्ति थोड़ी सी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाए, तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

