विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
बस्ती |जनपद बस्ती में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना नगर पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार थाना नगर में दर्ज मुकदमा संख्या 51/2026 के तहत वांछित अभियुक्त जहांगीर अंसारी (39 वर्ष) तथा प्रकाश में आए अभियुक्त आजाद अंसारी (43 वर्ष), दोनों निवासी बगहा, पश्चिम चम्पारन (बिहार), को 06 अप्रैल की सुबह करीब 8:30 बजे अक्सड़ा चौराहे से पहले गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 9 पासपोर्ट, 10 वीजा की छायाप्रति और 5000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी घनी आबादी वाले क्षेत्रों में किराये पर कमरा लेकर फर्जी ऑफिस खोलते थे। इसके बाद विदेश भेजने के नाम पर पम्पलेट छपवाकर लोगों को आकर्षित करते थे। इच्छुक लोगों से पासपोर्ट और प्रति व्यक्ति करीब 1.5 लाख रुपये वसूल किए जाते थे।
जब 8-10 लोगों का समूह तैयार हो जाता, तो आरोपियों द्वारा फर्जी वीजा बनवाकर उन्हें दिल्ली भेजा जाता था। वहां वीजा फर्जी होने के कारण यात्रियों को वापस कर दिया जाता, जबकि आरोपी उनके पासपोर्ट लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना नगर के थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, उपनिरीक्षक मो. मुस्तफा समेत एसओजी और सर्विलांस टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।




